
- विवेक मिश्र
लेखक हिंदी के प्रोफेसर हैं।
60 के बाद क्या होगा? क्या करेंगे? क्या प्लान है? इस तरह के प्रश्न अक्सर सामने आते रहते हैं। जो 60 के नहीं हैं पर एक न एक दिन वे भी 60 के हो जाएंगे। आखिर, यह एक संख्या है और लोग इसे संख्या की तरह से न लेकर जिंदगी की ही तरह लेने लगते हैं। हर कोई भाग रहा है 60 की ओर पर हर कोई 60 की संख्या से उस तरह आतंकित नहीं है जैसा कि नौकरीपेशा लोगों में इस संख्या को लेकर एक अजीब सी बेचैनी और चिंता दिखाई देती है। कुछ लोगों का बस चलें तो इस संख्या को पकड़ कर बैठ जाएं और कहते रहे कि देखो 60 कहां है और कहां आया? 60 आएगा ही नहीं। इस तरह की बातें हंसी मजाक से शुरू होती हैं पर हंसी मज़ाक नहीं होती हैं।
यह मसला गंभीर है कि हर कोई 60 की ओर जा रहा है पर अपने को 60 का मानता नहीं दो चार वर्ष घंटा कर बताता रहता है। दरअसल, 60 की उम्र सेवानिवृत्ति की उम्र है। कहीं-कहीं 62 की है, कहीं 65 की है। मतलब आपको इस उम्र में आकर सेवानिवृत्ति लेनी ही है। यह व्यवस्था है और इसे आप कुछ नहीं कर सकते। यहीं यह संदर्भ महत्वपूर्ण हो जाता है कि 60 के बाद क्या या सेवानिवृत्ति के बाद क्या? क्या केवल एक जगह पर रह जाएंगे या एक जगह से दूसरी जगह पर जाकर दुनिया को संभालेंगे या कुछ ओर करेंगे? इस तरह के प्रश्न से जूझते रहने वाले बहुत सारे लोग साठ के बाद का प्लान करते हैं।
ठीक है, 60 एक महत्वपूर्ण संख्या है और यह केवल उन लोगों के लिए है जो नौकरी कर रहे होते हैं पर जो लोग किसान हैं या अपना स्वयं का धंधा पानी करते हैं उनके लिए इस संख्या का उस तरह से कोई अर्थ बनता ही नहीं है। न ही वे इस तरह से सोचते हैं कि मैं 60 का हो गया या कुछ सालों में 60 का हो जाऊंगा। 60 की संख्या उनके लिए बस संख्या भर होती है। उम्र का एक पड़ाव भर होता है। वैसे भी आदमी को संख्या से उपर उठकर जीना चाहिए। कुछ लोग सेवानिवृत्ति के बाद स्वयं को फिर किसी न किसी कार्य के लिए नियोजित कर लेते हैं। लेकिन आप सेवा में रहते हुए, स्वतंत्र ढ़ंग से नौकरी करने के दौरान मिला आनंद कहां मिलता है? नये सिरे से मातहत होकर काम करना स्वाभाविक रूप से शायद ही किसी को रास आए। इसीलिए जब आत्म सम्मान की बात आती है तो ज्यादातर लोग सेवानिवृत्ति के बाद नौकरी करने की जगह मुक्त रहना ही पसंद करते हैं।
मुझे लगता है कि 60 के बाद की जिंदगी को जीने के लिए हमें थोड़ा प्लान बनाना चाहिए। 60 के बाद कैसे जीवन को नियोजित करें, क्या करें, क्या न करें, आदि प्रश्नों पर विचार करते हुए कुछ बिंदु विचार के रूप में रखा जाना चाहिए। जिंदगी का कोई एक रूप या एक फार्मूला नहीं है कि वह सब पर लागू हो पर जिंदगी को ढ़ंग से जीने के लिए रास्ता कोई और नहीं हमें ही बनाना होता है –
- 60 के बाद आपको नये सिरे से ऊर्जावान बनना है। हर आदमी के भीतर एक बच्चा होता है पर वयस्कता और प्रौढ़ता बोध के कारण हम उस बच्चे को सुनते ही नहीं। अपने भीतर के बच्चे को अपने ही हाथों से गला घोंट देते हैं। जीने की बुनियादी शर्तों को छोड़कर अपने आप को एक बोझ की तरह प्रस्तुत करते हैं। जब इस तरह से आप व्यवहार करते हैं तो आप खुद ही बोझ साबित होते हैं। दुनिया पर बोझ होने की तो छोड़िए। इसीलिए समझदार लोगों ने कहा है कि उम्र का हर आंकड़ा एक पड़ाव भर है। महज एक संख्या। उसे संख्या की तरह ही लें। उसे अपनी जिंदगी न बनावें। जिंदगी को इस समय खुलकर जीएं। अपने आसपास के लोगों को जीने के लिए प्रेरित करें। अपनी जिंदगी को एक आदर्श की तरह, एक आईकान की तरह से लें एक उदाहरण बनकर लोगों के सामने आए। दुनिया देखें कि यह आदमी 60 के बाद कैसे जिंदगी को जी रहा है।
- 60 के बाद की जिंदगी के लिए अपने को तैयार करते चलें। अचानक से आप 60 के नहीं हो रहे हैं। इस होने में एक अच्छा खासा टाइम लग रहा है। यह जो 60 आने वाला है उसकी तैयारी 55 वें साल से कर दें। पचपन के दिल को बचपन का दिल बना दें। अब जब आप पचपन के हो गए हैं तो क्या गंभीर होकर जी रहे हैं, बिंदास होकर जीना शुरू करें। जो कुछ सपने थे उन सपनों को पूरा कीजिए। अपने दिल के सारे बोझ उतार दीजिए। यदि जिम्मेदारी रह भी गई है तो वह हो जायेगी उसे नियति और ईश्वर पर छोड़ दीजिए। आप नियति और नियंता से उपर नहीं हैं इसलिए उसके प्लान में दखल मत दीजिए। जो हो रहा है, जो होगा उसे स्वीकार करते हुए चलिए। हर कदम पर अच्छा होगा यह सोचते हुए चलिए।
- 60 के बाद होने वाली जिंदगी के लिए कुछ प्लान पहले से ही तैयार कीजिए। जैसे कि जो रूचि है जहां आपका मन लगता है मनोनुकूल जो कार्य कर सकते हैं उसके लिए अपने आपको तैयार कीजिए। यह कार्य लाभ हानि से परे हो । मान लीजिए आपकी रूचि पढ़ने लिखने की है तो इसके लिए अपनी रूचि की किताबें लीजिए पढ़िए और लिखिए। घर में एक स्वतंत्र और स्पेशल जगह अपने लिए बनाइये जहां बैठकर चिंतन मनन और सोचने विचारने का काम आप कर सकें।
- 60 के बाद की जिंदगी अपनी इच्छा की होनी चाहिए। जो कुछ आप नौकरी चाकरी और व्यस्तताओं के बीच नहीं कर पाये वह सब अब करने का मौका आ गया। अब आप यह बहाना नहीं बना सकते कि समय नहीं है यहां जाना था पर जा नहीं पाया। जहां जाना है जो कुछ करना है उसे पूरे मन से आह्लादित भाव से करिए। यह वह समय आ चुका है जब किसी काम को आप बोझ समझकर या मजबूरी वाला काम कह कर मत कीजिए जो करिए वह पूरे मन से करिए।
- 60 के बाद की जिंदगी का सबसे महत्वपूर्ण प्वाइंट स्वास्थ्य है। कुछ करें या न करें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। स्वस्थ रहेंगे तभी कुछ कर पायेंगे। यहीं सबसे बड़ा धन है न कि बैंक बैलेंस। इस उम्र में यदि एक कदम भी चल रहे हैं तो स्वास्थ्य के कारण ही फिर इसे इतना इग्नोर क्यों कर रहे हैं। इस उम्र में स्वस्थ रहने के लिए किसी को कुछ कहने बताने की जरूरत नहीं है जिंदगी अनुभव से ही इतना सीखा देती है कि बस अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित कर लीजिए सब ठीक हो जाएगा।
- अपने आपको नियमित बनाना। अब आपको आफिस नहीं जाना है तो अपनी दिनचर्या को इसी तरह से नियमित करिए कि लोग आपको देखकर घड़ी मिलाने लग जाएं। जहां जाएं वहां आपकी एक पहचान हो। एक आधार हो और हर जगह अपने को फिट रखें।
- अपने समानधर्मा हम उम्र लोगों का एक समूह बनायें, सामाजिक जीवन को स्वीकार करें। अलग थलग अकेले पड़े रहने की आदत को छोड़ें। अब तक यह सब इसलिए चल गया कि आप नौकरी कर रहे थे और वास्तव में लोग आपको व्यस्त मान रहे थे पर हरआदमी को यह पता है कि आपके पास अब इफरात समय है। इसलिए समय और सामाजिक उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए कुछ न कुछ करते चलें। अपने अनुभव को शेयर करें। आपकी उपस्थिति का अर्थ हो यह तभी संभव होगा जब आप सही ढ़ंग से अपने को प्रस्तुत करेंगे।
- यह उम्र पूरी तरह से सामाजिक सत्ता को लिए होती है। निजी हितों से उपर उठकर यदि कार्य करते हैं तो आपके साथ न केवल परिवार समाज और पूरी दुनिया ही होती है। यह समय पूरी तरह से आपका है और इस समय आप अपने मनपसंद कार्य आसानी से कर सकते हैं। सामाजिक होने का सबसे बड़ा लाभ यह होता है कि आपके पास फालतू समय बचता ही नहीं, सबके साथ खड़े हैं, सुख दुःख में हर जगह हर कदम पर जब आप लोगो के साथ होते हैं तो चीजें सहज ही आसान हो जाती हैं।
- इस उम्र तक आते-आते आदमी के पास अनुभव का इतना खजाना हो चुका होता है कि यदि वह अपने अनुभवों को जीवंत कर संस्मरण लिखना शुरू करता है तो दुनिया को एकदम से नई बात पता चलती है। हर आदमी विशेष है और उसका अनुभव भी विशेष है इसीलिए जो कुछ आपके पास अलग से है उसे देना ही सही मायने में सामाजिक होने जैसा है जिसे आपको अवश्य करना चाहिए।
60 के बाद की जिंदगी को जीने का अंदाज खुशनुमा होना चाहिए। हर काम में एक नफासत हो कि हां यह एक अनुभवी आदमी कर रहा है। लोगों को आपके अनुभव का, ज्ञान का और कार्य का लाभ मिले। यह सब तभी संभव है जब आप कुछ भी करने से पहले सौं बार ठहर कर सोचने की बात होती है। 60 के बाद जो समय है जो जिंदगी है वह सामाजिक और सांस्कृतिक स्तर पर अपने को समझने और सही ढ़ंग प्रस्तुत करने की हैं यह उम्र सभ्यता और संस्कृति के साथ साथ सामाजिक मनोवैज्ञानिक और सांस्कृतिक धरातल पर एक साथ अपने को रखने की है।

