आपकी हँसी इस देश की संपदा है, आप यूं ही हँसती रहें…

संध्‍या नवोदिता

आधुनिक हिंदी कविता में एक चर्चित नाम

‘जिस सरलादेवी चौधरानी की बौद्धिक प्रतिभा और देश की आजादी के यज्ञ में खुद को आहुति बनाने का संकल्प देख गांधी ने अपनी ‘आध्यात्मिक पत्नी’ का दर्जा दिया , उसका नाम इतिहास के पन्नों में कहां दर्ज है ?

‘जिनकी शिक्षा और तेजस्विता से मुग्ध हो स्वामी विवेकानन्द उन्हें अपने साथ प्रचार करने विदेश ले जाना चाहते थे। उसे इतिहास ने बड़े नामों की गल्प लिखते समय हाशिये पर तक जगह क्यों नहीं दी?’

सरलादेवी चौधरानी भारत में स्त्री आंदोलनकारियों का सुपरिचित नाम हैं। प्रख्‍यात लेखिका अलका सरावगी की पुस्तक ‘गांधी और सरलादेवी चौधरानी : बारह अध्याय’ सरलादेवी के नजरिये से गांधी के बारे में बात करती है। पुस्तक की रग-रग में गांधी हैं, सरलादेवी की इस कहानी का पहला पृष्ठ गांधी से शुरू है और आखिरी पृष्ठ तक गांधी हैं। उन्होंने सरलादेवी के जीवन को लगभग बदल डाला। वे आभिजात्य जीवन से खादी तक पहुंच गईं। तलवारों की पूजा, बंग युवकों को लट्ठ चलाने और व्यायाम की शिक्षा देते हुए अहिंसा के रास्ते पर बहस तक आ गईं।

गांधी अपने सिद्धांतों का पालन करने और करवाने में बेहद दृढ़ थे। इस प्रेम में, अगर इसे ठीक-ठीक प्रेम कहा जा सके, उनका यही रूप देखने को मिलता है। दो विवाहित व्यक्तियों के बीच यह कहा-अनकहा प्रेम लगभग साल भर चला। इसका आरंभ और अंत वैसे ही हुआ जैसे कि इस तरह के प्रेम में संभावित होता है। यह उपन्यास इसी एक साल के तमाम घटनाक्रमों- गांधी की यात्राओं, सरलादेवी को लिखे उनके लगाव भरे पत्रों, देश की राजनीति, आंदोलन, गांधी आश्रम के जीवन और इन सबके बीच प्रेम में भावुक हुई सरलादेवी की मनः स्थिति की कथा है, जिसे पढ़ते हुए गांधी का पुरुष पक्ष उदघाटित होता है।

अक्टूबर 1919 से आरंभ इस कथा की पृष्ठभूमि में जलियांवाला बाग हत्याकांड और असहयोग आंदोलन है। कहानी सरल, एकांगी और एकरेखीय नहीं है। यह दो ऐसे व्यक्तियों के ऐसे सुयोग की कथा है जिनके लिए देश की आजादी पहली प्राथमिकता थी, आजादी के स्वप्न के बिना इन दोनों के व्यक्तित्व की कोई अलग पहचान या परिभाषा नहीं है। अंग्रेजों के असत्य, शोषण, हत्याओं और लूट के खिलाफ खड़े ये दो विपरीतलिंगी मनुष्य परिस्थितिवश सहज ही एक दूसरे के साथ हो गये। गांधी को जितना जानिये उनके व्यक्तित्व की परतें चमत्कृत करते हुए खुलने लगती हैं। गांधी का स्त्रियों पर कितना भारी असर था, और स्त्रियां उन पर कैसा अगाध और सहज विश्वास करती थीं। हजारों स्त्रियांं गांधी के आन्दोलन में शिरकत करने उमड़ पड़ती थीं, न सिर्फ साधारण शिरकत बल्कि नेतृत्वकारी भूमिका में भी। सरलादेवी भी ऐसी ही एक निडर, साहसी और प्रतिभावान स्त्री थीं।
पुस्तक बारह अध्याय में विभक्त है।

ये अध्याय ही इस बारहमासा प्रेम के बारह अध्याय हैं। यह पुस्तक क्यों लिखी गयी है इसका परिचय उपन्यास शुरू होने के पहले ही, इसके पहले पृष्ठ की टिप्पणियों में मिल जाता है। यह पुस्तक की केंद्रीय लाइन है।

प्रेम तो ऐसे भी बड़ी जटिल चीज है, फिर दो ऐसे व्यक्तियों के बीच प्रेम जो समय के ऐसे मोड़ पर हैं जहांं वे खुद इतिहास बना रहे हैं, उन के रिश्ते में जटिलता भी अपने चरम पर है। उस समय के सामाजिक मूल्य, स्त्रियों के लिए समाज की दृष्टि आज से भिन्न है। यह सौ साल पहले का भारत है। एक सन्त राजनीतिज्ञ जिसका हर कदम लाखों लोगों की निगाह में है, और जो खुद भी निजी और सार्वजनिक जीवन में कोई भेद नहीं करता, और जोड़ासांको ठाकुरबाड़ी की आभिजात पृष्ठभूमि में पली गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की भांजी , जिसे कदम कदम पर अपने कुल, मर्यादा का ख्याल रखना है।

उपन्यास में उकेरे गए गांधी, सरलादेवी को प्रेम करते हैं और सखा, बंंधु, प्रिय और कहीं कहीं बहन के तौर पर उन्हें पुकारते हैं। और सहज ही हर वह उपाय करते हैं जिस से सरलादेवी उनके नजदीक रह सकें। पुरुष स्त्री के प्रेम में विरले ही अपने काम छोड़ता है जबकि स्त्री सबसे पहले खुद को ही विस्मृत करती है। यह बात पुस्तक में बार बार देखने को मिलती है। गांधी का हर संभव प्रयास है कि सरलादेवी देशसेवा और त्याग का रास्ता चुनें, और हमेशा के लिए साबरमती आश्रम आने आ जाएं।

सरलादेवी को लिखे हर पत्र में गांधी असहयोग, अहिंसा, ब्रह्मचर्य, त्याग, खद्दर पहनना आदि बातों को बार -बार दोहराते हैं और हर बार सरलादेवी को इसी कसौटी पर कसते हैं। गांधी एक पल के लिए भी अपने मूल्यों और देश की आजादी के अपने विश्वासों पर संदेह नहीं करते, न उन्हें कभी कमजोर होने देते हैं।वे सरलादेवी के बारह साल के पुत्र दीपक को साबरमती बुला लेते हैं और अपने अनुसार दीक्षित करते हैं। सारी दुविधाएं सरलादेवी के भीतर उदित होती हैं। उनके पति हैं, टैगोर खानदान का बड़ा नाम है। गांधी के असहयोग, ब्रह्मचर्य और अहिंसा के मूल्यों पर उन्हें संदेह है।

गांधी के सारे प्रयास केवल इसी दिशा में होते हैं कि सरलादेवी को अपनी राह पर ले आएं। उनकी निगाह में सरलादेवी के उनके प्रति प्रेम की यही सच्ची कसौटी है। आज भी अक्सर स्त्री को ही प्रेम में सब कुछ छोड़कर पुरुष के साथ चले आना होता है। पुरुष सदियों, शताब्दियों से डामिनेट करते आए हैं यह उनका इनबिल्ट फीचर है। उनकी सामाजिक और आर्थिक हैसियत इसे आसान और व्यवहारिक बनाती है

पुस्तक में कई महत्वपूर्ण और दिलचस्प उल्लेख आते हैं जो गांधी की परतों को समझने में मददगार हैं। गांधी खुद कितने सारे काम कर रहे हैं और यही आशा वे सरलादेवी से करते हैं जिनसे सरलादेवी काफी परेशान और भ्रमित होती हैं कि गांधी उनसे एक ही जीवन में कई जीवन के काम करना चाहते हैं। पुस्तक में गांधी के बहाने मिल मजदूरों और मालिकों पर बात है, मजूर महाजन संघ का बनाना और अनसूया बेन को उसका आजीवन अध्यक्ष मनोनीत करना। इसके अलावा मरियम जिन्ना उर्फ रूटी पेटिट उर्फ रूटी जिन्ना के बारे में जानना एक अलग ही आयाम है जिससे पता लगता है गांधी की सतह को एक ही समय में कितने अलग-अलग तरह के व्यक्ति स्पर्श करते थे। जलियांवाला में शहीदों का स्मारक बनाने के लिए गांधी का फंड इकठ्ठा करना, असहयोग आंदोलन के लिए देश को तैयार में शहर दर शहर नापना- जिसके बारे में सरलादेवी कहती हैं –ऐसा लगता है अंग्रेजों ने ट्रेन गांधी के चलने के लिए ही बनाई है।

उपन्यास में सबसे कम जिनके बारे में उल्लेख है वह रामभज दत्त हैं –सरलादेवी चौधरानी के पति। वे अपनी पत्नी की निष्ठा पर कोई सवाल नहीं उठाते, न ही उनके मन्तव्यों और गांधी के साथ उनके घनिष्ठ पत्र व्यवहार पर कभी सवाल करते हैं। वे सरलादेवी के प्रति पूर्ववत स्नेही बने रहते हैं और गांधी से उनके संबंध को सरलादेवी की राजनीतिक संबंध के बतौर देखते हैं, गांधी से उनके मेलजोल पर कभी रोक लगाने का प्रयास नहीं करते। यह बहुत विशिष्ट चरित्र है और स्त्रियों के लिए ऐसा जीवन साथी मिलना सपने जैसा ही होता है। संभवतः यही कारण है कि रामभज की स्पष्ट तारीफ न करते हुए भी सरलादेवी गांधी के पास चले जाने का निर्णय लेने में दुविधा में रहती हैं।

यह इतिहास का वह समय था जब पुरुष नायक ही लंबे दौर के आंदोलनकारी हो सकते थे, स्त्रियों के विशिष्ट सामाजिक आर्थिक पिछड़ेपन की पृष्ठभूमि में सरलादेवी को उनके पीछे चलकर ही इतिहास में जगह बनानी थी। उन्नीसवीं सदी की सरलादेवी पर इस तरह लिखने का सही समय शायद यही है जब भारत स्त्रीवाद से परिचित हो चुका है, बड़ी संख्या में स्त्रियां शिक्षित हैं, बाहर निकल रही हैं और राजनीति के दुर्गम मार्गों पर भी वे कम ही सही, पर निकल पड़ी हैं। आज स्त्रियां इस स्थिति में हैं कि वे सरलादेवी के अपना पूर्वज होने का अर्थ समझ सकती हैं।

पुस्तक पढ़ते हुए सहज ख्याल आता है – सरलादेवी और गांधी , क्या सचमुच कुछ सत्य है या गल्प ? अलका सरावगी ने अपने साक्षात्कारों में इसे स्पष्ट किया है- सरलादेवी की आत्मकथा ‘जीवनेर झरा पत्ता’ उपलब्ध है, हालांकि इसमें उनकी कहानी अधूरी है। ‘लॉस्ट लेटर्स एंड फेमिनिस्ट हिस्ट्री –गेराल्डिन फोर्ब्स (1920) में गांधी के सरलादेवी को लिखे करीब अस्सी पत्र उपलब्ध हैं , जिन्होंने अलका सरावगी के मन में इस पुस्तक की भूमिका तैयार कर दी। उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ सरलादेवी के देशप्रेमी रूप को ऐतिहासिक तथ्यों के साथ रचा है। ऐतिहासिक चरित्रों पर लिखना आसान नहीं होता। इनका फलक बड़ा होता है और आपको खास ख्याल रखना पड़ता है कि किसी चरित्र के साथ ना-इंसाफी न हो जाए। इस लेखन की विश्वसनीयता पर हजार सवाल उठ सकते हैं। अलका सरावगी ने अपने गहन अध्ययन और शोध से इसे बखूबी साध लिया है। 216 पृष्ठों की इस पुस्तक को उपन्यास की तरह एक दो सीटिंग में खत्म करना मुश्किल है। इसमें कदम कदम पर इतिहास पिरोया हुआ है जो इसे काफी संश्लिष्ट बनाता है और ठहर कर पढ़ने की मोग करता है। कवर मोहक है, युवा गांधी और सरलादेवी की आकर्षक तस्वीर इसे विश्वसनीय बनाती है। रुपहले अक्षरों में किताब का नाम दमकता रहता है।

कहने की जरूरत नहीं अलका सरावगी उपन्यास जैसी श्रमसाध्य विधा की सिद्धहस्त हैं। ‘एक सच्ची-झूठी गाथा’,’ कुलभूषण का नाम दर्ज कीजिए’ और अब यह उपन्यास जिस तेजी और बेहद कम अंतराल में आये हैं, उनकी यह तल्लीनता और गति चकित करने वाली है। उनके कई उपन्यासों के भारतीय और विदेशी भाषाओँ में अनुवाद हो चुके हैं। उनका पहला उपन्यास, जिसे साहित्य अकादमी सम्मान मिला, ‘कलिकथा वाया बाईपास’ भारत, केम्ब्रिज, नेपल्स,ट्यूरिन के विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल है। इतिहास के इस चरित्र को आज की ख्यातनाम लेखिका का साथ मिलना हमारी पीढ़ी के लिए दुर्लभ संयोग है। अलका सरावगी ने यह उपन्यास लिखकर हमारी पीढी का कर्ज कुछ तो कम किया ही है और अपनी बहादुर पुरखन को शब्दों की दुनिया में शानदार तरीके से जीवित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *