
- कविता वर्मा
लेखक साहित्यकार हैं।
नेटफ्लिक्स पर फिल्म: No One Saw Us Leave
मैं ग्रेटा हूँ और मुझे अपनी बहन को बचाने के लिए इस दुनिया में लाया गया है।
एक छोटी आठ साल की बच्ची के इस उद्घोष के साथ शुरू होने वाली ये नेटफ्लिक्स सीरीज ‘मेप ऑफ लांजिंग’ सबसे पहले तो आपको लांजिंग का अर्थ ढूँढने पर विवश करती है। लांजिंग यानी लालसा लेकिन यहाँ इसका अर्थ इच्छाएँ या चाहत ज्यादा सटीक बैठता है। अपनी इच्छाओं चाहतों तक पहुँचने का नक्शा जो ल्यूकेमिया से मर चुकी एक लड़की अपनी छोटी बहन के लिए छोड़ कर जाती है। वह उसे मिलता है उसकी बहन की मृत्यु के बाद जब वह अपने उसी प्रिय रेस्टोरेंट में जाती है जहाँ अपनी बहन और परिवार के साथ अच्छा समय बिताती थी।
एक अनजान लड़का विल टकर ग्रेटा के पास आता है उसका नाम पूछता है और उसे वह बाक्स देता है जो उसकी बहन लूसी उसके लिए छोड़ गई है। उसे विश्वास था कि उसके जाने के बाद ग्रेटा वहाँ जरूर आएगी। दोनों बहनों के बीच की आपसी समझ और प्रेम इस विश्वास में झलकता है। ग्रेटा अनायास उस पर विश्वास नहीं करती वह उसे लेने से मना कर देती है तब वह उसे लूसी का लिखा पत्र देता है और ग्रेटा के मन में उत्सुकता होती है कि आखिर ये क्या है?
उसे इस गेम को विल के साथ खेलना है जिसे वह जानती तक नहीं है लेकिन बहन ने आखिर उसके लिए क्या छोड़ा है, ये जानने की इच्छा से विल का साथ स्वीकार कर लेती है।
लूसी के जाने के बाद पूरा परिवार बिखर चुका है। ग्रेटा के पापा हमेशा काम में व्यस्त हैं। मम्मी टीवी के सामने सोफे पर निढाल पड़ी रहती हैं। उसके नानाजी, जो ग्रेटा के सबसे अच्छे दोस्त हैं, इस सबसे घबराकर अपने दोस्त के पास चले जाते हैं। ग्रेटा अब पूरी तरह अकेली है, वह सब बिखरते देख रही है, ऐसे में लूसी की यादें उससे बात करती है। वह उसे अपने आसपास देखती है और गेम का पहला पड़ाव चढ़ती है। विल उसे एक हीलिंग सेंटर ले जाता है। लूसी जानती थी कि उसके जाने के बाद ग्रेटा अंदर से टूट जाएगी उसे सहारे की आवश्यकता होगी। कुछ ऐसे लोग जिनके सामने वह अपने दु:ख को कह सके, खुलकर रो सके, बहन के जाने का दु:ख मना सके।
इस गेम के दौरान ग्रेटा की वे छोटी-छोटी इच्छाएँ जो उसने लूसी के साथ साझा की थीं। हिस्ट्री ऑफ आर्ट पढ़ना, म्यूजियम जाना, तीन देशों की यात्रा करना, अपनी पुरानी सहेली से माफी माँगना। ग्रेटा ना-नुकुर करते भी सब करती है। इस यात्रा में वह पाती है कि विल जो ऊपर से दिखता है, वैसा नहीं है। उसके अंदर बहुत कुछ दबा हुआ है। वह उसे जानना चाहती है लेकिन विल अपने अतीत के कारण उससे दूर रहता है। इस बीच परिवार के उतार चढ़ाव रोचक तरीके से आते हैं। दर्शक ग्रेटा को बदलते देखते हैं विल और उसके रिश्ते को बनते देखते हैं तो उसके बीच अनकहे अतीत की उपस्थिति भी महसूस करते हैं।
क्या वे दोनों एक होंगे? क्या गेम पूरा होगा? क्या परिवार में सब ठीक होगा? ये जानने के लिए आपको नेटफ्लिक्स पर यह सीरीज देखना होगी।
आठ एपिसोड की यह प्यारी सी सीरीज एलिस केलन के उपन्यास पर आधारित है। इसमें विल हैं पाब्लो एलवरेज। ग्रेटा हैं एलिसिया फाल्को। लूसी हैं जार्जिया अमोरोज। आठ एपिसोड की ये लिमिटेड सीरीज हिंदी में डब है और डबिंग वाली हिन्दी हमारी फिल्मों वाली हिन्दी से बहुत बहुत बेहतर है। हाँ, फिल्म में कुछ गाली-गलौज और न्यूड दृश्य भी हैं जिनसे बचा जा सकता था लेकिन ओटीटी के लिए शायद ये आजकल जरूरी हो गया है। इन्हें आप आसानी से फारवर्ड कर सकते हैं।
मेरा दृष्टिकोण
मैप ऑफ लांजिंग जैसी सीरीज बहुत हौले से किसी को खो देने के दर्द से उबरना सिखाती हैं। इसमें कोई उपदेश नहीं हैं कोई दार्शनिक बातें नहीं हैं, बस, खाली हुई जगह को जीवन से जोड़ने की कोशिश है। विदेशों में चलने वाले हीलिंग ग्रुप दुख को दबाना नहीं उसे बाहर निकालना सिखाते हैं, बिना किसी दबाव के बिना किसी आक्षेप के। हर व्यक्ति का दु:ख से उबरने का समय अलग-अलग होता है और उसे वह समय दिया जाना चाहिए। उसे किसी को भूल जाने का कहने के बजाय अपनी इच्छाएँ, सपने, अपनी काबिलियत को पुनः जागृत करके जीना सिखाना चाहिए। इसके लिए जीवन से दूर होने की नहीं जीवन में रहते हुए बस समझना है।
एक लड़की जो जानती है कि उसका समय पूरा हुआ उसके रोल में जार्जिया अमोरोज (लूसी) बहुत प्रभावी रहीं तो एलिसिया फाल्को (ग्रेटा) ने अपने मन और जीवन की उलझनों को बेहतर जिया। वहीं पाब्लो एलवरेज (विल टकर) हैंडसम होने के साथ एक जिम्मेदार साथी की तरह ग्रेटा के साथ बने रहे।
फिल्म बहुत हौले से बताती है कि जीवन में जब कुछ बुरा हो उससे भागने के बजाय उसका सामना किया जाना चाहिए। इससे आपको सिर्फ आप खुद ही रोकते हैं और जिस दिन ये समझ लिया, खुद को सामना करने के लिए तैयार कर लिया, उस दिन बहुत कुछ सुलझ सँवर जाता है।

